मध्य प्रदेश में शिवपुरी संभवत देश का पहला ऐसा जिला होगा जहां कलेक्टर और एसपी एक साथ कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। जिले के शीर्ष अधिकारियों पर कोरोना का अटैक होने से हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दोनों अधिकारी कल पोहरी विधानसभा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सभा में मौजूद थे और इनमें कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह तो कई बार मुख्यमंत्री से मिले भी हैं। इस सभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवपुरी के कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के साथ उनकी धर्मपत्नी और बेटे की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वहीं जिले के एसपी राजेश सिंह चंदेल कोरोना पॉजिटिव आने के बाद घर में ही आइसोलेशन में चले गए हैं।